ज्वेलरी दुकानदार की पिटाई, लूटपाट का भी आरोप

WhatsApp Channel Join Now
ज्वेलरी दुकानदार की पिटाई, लूटपाट का भी आरोप


नवादा, 17 नवंबर (हि.स.)। नवादा शहर के सोनार पट्टी रोड स्थित एक ज्वेलरी दुकान में मंगलवार को घुसकर दुकानदार के साथ मारपीट करने, रंगदारी मांगने और लूटपाट करने का मामला सामने आया है।

घटना में दुकानदार मुकेश कुमार वर्मा के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित दुकानदार ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पीड़ित मुकेश कुमार वर्मा के अनुसार, वह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक दुकान में पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। दुकानदार ने जब इसका विरोध किया तो दोनों युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने रंगदारी के रूप में रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। दुकानदार ने मारपीट के साथ लूटपाट किए जाने का भी आरोप लगाया है।

दुकानदार ने बताया कि आरोपितों के साथ पहले से रुपये के लेनदेन का विवाद चल रहा था। बकाया राशि की मांग करने पर विवाद बढ़ गया। इसी रंजिश में दोनों युवक दुकान में घुस आए और मारपीट की घटना को अंजाम दिया।

घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों युवक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को जब्त कर नगर थाना पहुंचाया।

इधर, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर भी मामले की जांच कर सकती है। फिलहाल नगर थाना की पुलिस पीड़ित के आवेदन और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778442 Articles

Share this story