हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जीविका समूहों ने निकाली तिरंगा यात्रा, विद्यालयों में भी हुए कार्यक्रम
अररिया 11 अगस्त(हि.स.)।
स्वतंत्रता दिवस एवं वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को जीविका समूहों द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।तिरंगा यात्रा में जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर निकली यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से आमजनों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना के लिए प्रेरित किया।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, स्वतंत्रता दिवस के गौरव तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया गया।विद्यार्थियों की सहभागिता से तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

