जीविका की दीदियों को मिली 16 करोड़ की वित्तीय सहायता

WhatsApp Channel Join Now
जीविका की दीदियों को मिली 16 करोड़ की वित्तीय सहायता


सुपौल, 21 जुलाई (हि.स.)। सुपौल मुख्यालय स्थित बंधन बैंक्वेट हॉल में जीविका एवं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के संयुक्त तत्वावधान में मेगा डिस्बर्समेंट कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसपीएम बैंक लिंकेज पुष्पेंद्र तिवारी, जीविका सुपौल के जिला परियोजना प्रबंधक दीपक कुमार, एसबीआई के उप महाप्रबंधक एस.एस. मीणा तथा क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव कुमार मौजूद रहे। शिविर के दौरान एसबीआई की छातापुर शाखा के माध्यम से विभिन्न जीविका स्वयं सहायता समूहों को कुल 16 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि यह वित्तीय सहयोग महिलाओं को कृषि, पशुपालन, सूक्ष्म एवं लघु व्यापार, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प सहित अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जोड़ने में मददगार होगा। इससे ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और वे आर्थिक रूप से अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को उद्यमिता से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया।वक्ताओं ने जीविका और एसबीआई के बैंक लिंकेज कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि दोनों संस्थाओं की साझेदारी ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह पहल राज्य सरकार के समावेशी विकास के लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story