जीविका दीदियों की नई पहल, महिलाओं द्वारा संचालित ग्राहक सेवा केंद्र की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
जीविका दीदियों की नई पहल, महिलाओं द्वारा संचालित ग्राहक सेवा केंद्र की शुरुआत


कटिहार, 23 मई (हि.स.)। जीविका कटिहार द्वारा शनिवार को बरारी प्रखंड में 'उज्जवल जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड' द्वारा संचालित 'दीदी के अधिकार केंद्र' के अंतर्गत ग्राहक सेवा केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस नए केंद्र के शुरू होने से अब आम लोगों को जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड के लिए आवेदन और आयुष्मान कार्ड हेतु ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा एक ही छत के नीचे मिलेगी। पूर्णतः महिलाओं द्वारा संचालित इस केंद्र के माध्यम से जहां कुछ स्थानीय महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का बेहतर प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित होगा।

इस उद्घाटन कार्यक्रम में मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, बरारी के प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम), जीविका के प्रबंधक (सामाजिक विकास), प्रबंधक (संचार) एवं प्रशिक्षण अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसके साथ ही समारोह में उज्जवल जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति के अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष के साथ-साथ दीदी अधिकार केंद्र के डाक कोऑर्डिनेटर, सक्षमा दीदी, संकुल संघ के सभी कैडर और 100 से अधिक जीविका दीदियां शामिल हुईं।

गौरतलब है कि बरारी प्रखंड के अंतर्गत इस दीदी के अधिकार केंद्र की स्थापना ग्रामीण महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा घरेलू हिंसा जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान में सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। यह केंद्र ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में काम करता है।

केंद्र के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन एवं फॉर्म भरने में सहायता, कानूनी परामर्श तथा उत्पीड़न से जुड़े मामलों में शिकायत दर्ज करने की सुविधा दी जाती है। यहां आने वाली शिकायतों का समाधान पहले स्थानीय स्तर पर किया जाता है, तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रखंड स्तरीय समिति के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। महिलाओं की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए इस केंद्र को महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस सहायता 112 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से भी जोड़ा गया है।

कार्यक्रम के अंत में संकुल संघ की जीविका दीदियों ने कहा कि यह केंद्र ग्रामीण समाज में महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और उनके आत्मसम्मान को बढ़ावा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story