‘नीतीश संवाद’ में महिला सशक्तीकरण और जीविका के 20 वर्षों पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
‘नीतीश संवाद’ में महिला सशक्तीकरण और जीविका के 20 वर्षों पर चर्चा


‘नीतीश संवाद’ में महिला सशक्तीकरण और जीविका के 20 वर्षों पर चर्चा


दरभंगा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राजेंद्र भवन, दरभंगा में जदयू महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में ‘नीतीश संवाद : जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, जीविका दीदियों, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता, शिक्षा और सामाजिक भागीदारी पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्याम रेखा मिश्रा एवं खुशबू कुमारी सिंह ने की, जबकि संचालन अंजुला शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि सीतामढ़ी के पूर्व सांसद राजकुमार शर्मा तथा पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. दिलीप कुमार चौधरी, डॉ. ज्योति कुमारी एवं कार्यक्रम प्रभारी सीमा मंडल मौजूद रहीं।

जदयू जिलाध्यक्ष सह विधायक राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर पहल की गई है। उन्होंने छात्राओं के लिए पोशाक योजना, छात्रवृत्ति, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहन मिला है।

उन्होंने जीविका के 20 वर्षों के सफर को ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, आर्थिक गतिविधियों और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया से जुड़ने का अवसर मिला है। जीविका दीदियां परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ग्रामीण विकास एवं सामाजिक बदलाव में भी योगदान दे रही हैं।

ईश्वर मंडल ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण तथा पुलिस एवं सरकारी सेवाओं में उनकी बढ़ती भागीदारी से महिलाओं को सार्वजनिक जीवन में आगे आने के अवसर मिले हैं।

पूर्व सांसद रामकुमार शर्मा ने कहा कि महिला सशक्तीकरण सामाजिक परिवर्तन और समावेशी विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने जीविका दीदियों से अपने अनुभव साझा कर अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

समापन पर ईश्वर मंडल ने कार्यक्रम की सफलता के लिए महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जीविका दीदियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। मौके पर आरती अग्रवाल, निशा भारती, शांति देवी, फूल कुमारी, किरण पासवान, माधवी कुमारी, प्रीति सिंह, लवली कुमारी, आरती साह, लक्की कुमारी, कंचन कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story