झूठ और दुष्प्रचार की राजनीति को मतदाताओं ने नकारा, सभी 8 सीटों पर एनडीए की जीत तय: उमेश सिंह कुशवाहा
पटना, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को बयान जारी कर बिहार विधान परिषद की सभी आठ शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में एनडीए की जीत को लेकर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मतदान समाप्त होने के बाद विभिन्न क्षेत्रों से मिल रहे फीडबैक से स्पष्ट है कि शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के बीच एनडीए के प्रति व्यापक समर्थन और उत्साह देखने को मिला है। सभी आठ सीटों पर एनडीए बडे़ अंतर से जीत दर्ज करेगा। विपक्ष कहीं भी एनडीए को चुनौती देने की स्थिति में नजर नहीं आया।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि झूठ और दुष्प्रचार की राजनीति करने वाले विपक्ष को शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। प्रबुद्ध मतदाताओं ने अपने मताधिकार के माध्यम से एनडीए की विकासोन्मुखी राजनीति और सुशासन के एजेंडे पर भरोसा जताया है। विपक्ष ने चुनाव के दौरान भ्रम फैलाने की चाहे जितनी कोशिश की हो, लेकिन मतदाताओं पर उसका कोई असर नहीं पड़ा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के बाद सभी आठ सीटों पर एनडीए की जीत का परचम लहराएगा और एनडीए की चट्टानी एकता के आगे विपक्ष का पूरी तरह से राजनीतिक सफाया होना तय है।
उन्होंने कहा कि बीते दो दशकों में मा0 श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शैक्षणिक संस्थानों के विस्तार तथा युवाओं को नौकरी एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। इन कार्यों के प्रति मतदाताओं में विश्वास है, जो मतदान के दौरान भी स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ है।
कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष के तमाम भ्रामक प्रचार के बावजूद प्रबुद्ध मतदाता विकास और सुशासन के प्रति अपने विश्वास पर कायम हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

