लगातार तीसरी बार निर्विरोध जदयू जिलाध्यक्ष बने राजेंद्र प्रसाद यादव

WhatsApp Channel Join Now
लगातार तीसरी बार निर्विरोध जदयू जिलाध्यक्ष बने राजेंद्र प्रसाद यादव


सुपौल, 01 मार्च (हि.स.)।जिला मुख्यालय स्थित शहनाई रिजॉर्ट में रविवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के जिलाध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न हुआ। सर्वसम्मति से राजेंद्र प्रसाद यादव को लगातार तीसरी बार जिला अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुना गया।

निर्वाचन पदाधिकारी हारून रशीद ने घोषणा करते हुए बताया कि सभी जदयू पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सहमति से राजेंद्र प्रसाद यादव को पुनः जिला अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और मजबूती का यह परिणाम है कि चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ।

चुने जाने के बाद श्री यादव का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर सांसद दिलेश्वर कामेत, अमर कुमार चौधरी, जगदीश यादव, प्रमोद मंडल, हरेकांत झा, पूर्व विधायक लखन ठाकुर, प्रियंका यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अपने संबोधन में नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रहेगा। मौके पर होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने अबीर गुलाल लगाकर बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story