नेता प्रतिपक्ष का नदारद रहना संसदीय परंपराओं का खुला अनादर: उमेश सिंह कुशवाहा

WhatsApp Channel Join Now
नेता प्रतिपक्ष का नदारद रहना संसदीय परंपराओं का खुला अनादर: उमेश सिंह कुशवाहा


नेता प्रतिपक्ष का नदारद रहना संसदीय परंपराओं का खुला अनादर: उमेश सिंह कुशवाहा


पटना, 3 दिसंबर (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि राज्यपाल महोदय के महत्वपूर्ण अभिभाषण के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष का सदन से नदारद रहना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि उनकी राजनीतिक दृष्टि और जिम्मेदारी दोनों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव का यह आचरण न तो नया है और न ही अपवाद। उनका पुराना ट्रैक रिकाॅर्ड भी साफ दर्शाता है कि सदन की कार्यवाही और जिम्मेदारियों के प्रति उनकी लापरवाही लगातार बनी रही है।

उन्होंने कहा कि संसदीय प्रणाली में विपक्ष की भूमिका स्पष्ट रूप से निर्धारित है और उनके कंधों पर भी जनता की अपेक्षाओं तथा दायित्वों की गंभीर जिम्मेदारी होती है। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष का लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय मर्यादाओं के प्रति इतना गैर-जिम्मेदार आचरण स्वयं में अत्यंत चिंताजनक है।

उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव भले ही इस बार किसी तरह नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी बचाने में सफल हो गए हों, लेकिन यदि उनका यही उदासीन और गैर-जिम्मेदार रवैया जारी रहा, तो बिहार की जनता अगले चुनाव में उन्हें नेता प्रतिपक्ष लायक भी नहीं छोड़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story