नीतीश सेतु उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच विकास की नई जीवनरेखा सिद्ध होगा: उमेश सिंह कुशवाहा

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 21 नवंबर (हि.स.)। वैशाली की ऐतिहासिक धरती से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नीतीश सेतु के लोकार्पण को जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बिहार के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने शनिवार काे बयान जारी कर समस्त बिहारवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सेतु राज्य के आधारभूत संरचना के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

अपने जारी बयान में कुशवाहा ने कहा कि नीतीश सेतु नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच, दृढ़़ इच्छाशक्ति और बिहार के विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतिफल है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारकर उन्होंने उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को सुगम बनाने के साथ ही दोनों क्षेत्रों की व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि इससे किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी, व्यापारियों को कारोबार के विस्तार के नए अवसर मिलेंगे और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। आवागमन में लगने वाला समय और परिवहन लागत कम होने से आम लोगों के साथ-साथ कृषि, व्यापार और उद्योग जगत को भी व्यापक लाभ मिलेगा।

उमेश कुशवाहा ने 34 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्ष 2005 में बिहार को विकास और सुशासन की जिस नई राह पर अग्रसर किया था, उसी विकास यात्रा को मुख्यमंत्री सम्राट चाैधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़़ा रही है। केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय तथा डबल इंजन की सरकार के साझा प्रयासों से बिहार निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story