तेजस्वी की हालत ‘‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’’ जैसीय मुद्दों के दिवालियापन से जूझ रहे हैं : उमेश सिंह कुशवाहा

WhatsApp Channel Join Now
तेजस्वी की हालत ‘‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’’ जैसीय मुद्दों के दिवालियापन से जूझ रहे हैं : उमेश सिंह कुशवाहा


पटना, 09 मई (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक हालत अब ‘‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’’ जैसी हो चुकी है। सियासी मैदान में लगातार पटखनी खाने और लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने की बौखलाहट में वे अनर्गल और तथ्यहीन बयानबाजी पर उतर आए हैं।

उन्होंने आज बयान जारी कर कहा कि सूबे की जनता उन्हें पूरी तरह नकार चुकी है। उनकी पार्टी से लेकर परिवार तक सब खंड-खंड में बंट चुका है, और उनके नेताओं का मोह भी धीरे-धीरे पार्टी से समाप्त हो रहा है। अपने ही कार्यकर्ताओं का विश्वास वे पूरी तरह खो चुके हैं। मुद्दों के दिवालियापन से जूझ रहे तेजस्वी अब झूठ, भ्रम और भ्रामक आरोपों के सहारे येन केन प्रकारेण अपनी समाप्त होती राजनीतिक प्रासंगिकता को बचाने की हताश कोशिश कर रहे हैं।

कुशवाहा ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद तेजी से राजनीतिक रसातल की ओर बढ़़़ रहा है और आने वाले वर्षों में यह पार्टी इतिहास के पन्नों तक सिमटने की कगार पर है। तंज कसते हुए उन्होंने जोड़ा कि नेता प्रतिपक्ष की उनकी कुर्सी भी अब भगवान भरोसे ही टिकी हुई है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता के लिए लंबे समय से लालायित तेजस्वी यादव विधानसभा चुनाव के छह महीने बाद भी हार की पीड़ा से उबर नहीं पाए हैं। बिहार की जनता ने उन्हें ऐसा सबक सिखाया है कि वे अब करारी पराजय के गहरे सदमे में रोज बे-सिर-पैर की बयानबाजी कर अपनी हताशा और बौखलाहट को उजागर कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story