अपराध पर जीरो टाॅलरेंस और त्वरित कार्रवाई ही एनडीए सरकार की पहचान: चंदन कुमार सिंह

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 09 अगस्त (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता चंदन कुमार सिंह ने जारी बयान में तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि बिहार की वर्तमान एनडीए सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टाॅलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

दिनारा में हुई हत्या की घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी यह स्पष्ट करती है कि कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की नीति बिल्कुल साफ है।

आज बिहार में अपराध की किसी भी घटना में शामिल अपराधियों के खिलाफ सरकार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। पुलिस को कानून के अनुसार कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है और इसका परिणाम भी जनता के सामने दिखाई दे रहा है।

तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें बिहार की जनता को यह भी बताना चाहिए कि उनके माता-पिता के शासनकाल को लेकर कानून-व्यवस्था और अपराध के मामले में जनता की धारणा क्या रही है। उस दौर में अपहरण और फिरौती जैसे मामलों को लेकर बिहार की जो छवि बनी, वह किसी से छिपी नहीं है। विपक्ष आज अपराध की घटनाओं पर राजनीति कर रहा है, लेकिन उसे अपने शासनकाल के उन सवालों का भी जवाब देना चाहिए, जिनके कारण बिहार में अपराध और अपहरण के दौर की चर्चा देशभर में होती थी।

उन्होंने कहा कि

यह राजनीतिक आरोप लंबे समय से लगाया जाता रहा है कि 1990 दशक के तत्कालीन राजद शासन में अपहरण जैसे मामलों में पीड़ित परिवारों को राहत दिलाने के बजाय सत्ता के प्रभाव और राजनीतिक हस्तक्षेप की चर्चा होती थी, यहां तक कि मुख्यमंत्री आवास तक में ऐसे मामलों को लेकर कथित सौदेबाजी होने के आरोप लगाए जाते थे। यह आरोप उस दौर की शासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

इसके विपरीत आज एनडीए सरकार का स्पष्ट संदेश है कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून अपना काम करेगा।

एनडीए सरकार और राजद शासन के बीच यही मूल अंतर है कि एक ओर कानून का राज स्थापित करने और अपराधियों पर तत्काल कार्रवाई की कोशिश है, तो दूसरी ओर वह दौर है जिसकी पहचान जंगलराज और अपराध के बढ़ते प्रभाव के लिए की जाती है।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब पुराने दौर में लौटना नहीं चाहती। जनता को ऐसी सरकार चाहिए जो अपराध होने के बाद बयानबाजी नहीं, बल्कि अपराधी के खिलाफ कार्रवाई करे। दिनारा सहित कई मामलों में अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी इसी कार्यशैली का उदाहरण है।

तेजस्वी यादव को यह समझना चाहिए कि केवल राजनीतिक बयान देने से कानून-व्यवस्था नहीं सुधरती, बल्कि इसके लिए इच्छाशक्ति, प्रशासनिक क्षमता और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जरूरत होती है, जिसे एनडीए सरकार लगातार प्रदर्शित कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story