सुशासन और सामाजिक न्याय के संदेश के साथ शुरू होगी निशांत कुमार की यात्रा:अंजुम आरा
पटना, 29 अप्रैल (हि.स.)। जनता दल यूनाटेड (जदयू) की प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा ने बयान जारी करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में बिहार ने ‘न्याय के साथ विकास’ का जो ऐतिहासिक और अनुकरणीय माॅडल स्थापित किया है, उस गौरवशाली विरासत को नई ऊर्जा और नई दिशा देने के उद्देश्य से श्री निशांत कुमार की आगामी जनयात्रा प्रारंभ होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से आज तक नीतीश कुमार ने बिहार को बीमारू राज्य की पहचान से बाहर निकालकर सुशासन, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास का राष्ट्रीय उदाहरण बनाया है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और कानून-व्यवस्था के क्षेत्रों में हुए व्यापक परिवर्तन ने बिहार की नई पहचान गढ़ी है। शराबबंदी, दहेज प्रथा उन्मूलन, बाल विवाह विरोध अभियान, हर घर नल का जल, पक्की गली-नाली, जीविका योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड तथा सात निश्चय जैसी योजनाओं ने बिहार की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि ‘नीतीश माॅडल’ किसी एक व्यक्ति का नाम नहीं, बल्कि यह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने वाली एक सशक्त विचारधारा है। इसी विरासत को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ श्री निशांत कुमार बिहार की जनता के बीच जाएंगे। उनका स्पष्ट उद्देश्य है-पिता के संकल्प को सिद्धि तक पहुँचाना तथा नए बिहार के सपने को साकार करना।
उन्होंने कहा यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और युवा नेतृत्व को मजबूत करने का व्यापक अभियान है। जब नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार ने जो गौरव हासिल किया है, उसे अक्षुण्ण बनाए रखने तथा युवाओं के नेतृत्व में राज्य को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में यह यात्रा मील का पत्थर साबित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

