जनता को यह विश्वास दिलाएं कि नीतीश कुमार जी का स्नेह और मार्गदर्शन बिहारवासियों को निरंतर मिलता रहेगा: निशांत कुमार
निशांत कुमार ने मुंगेर, दरभंगा, कोसी एवं पटना-1 प्रमंडल के जिला व प्रखंड अध्यक्षों के साथ की संगठनात्मक बैठक
पटना, 24 अप्रैल (हि.स.)। जदयू नेता निशांत कुमार ने शुक्रवार काे जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय में मुंगेर, दरभंगा, कोसी एवं पटना-1 प्रमंडल के जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की। इस दौरान पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने, नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि जनता के बीच जाकर यह विश्वास दिलाना है कि नीतीश कुमार भले राज्यसभा चले गए हों, लेकिन उनका स्नेह और मार्गदर्शन सूबे की जनता एवं राज्य की एनडीए सरकार को आगे भी निरंतर मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की नीतियों पर चलकर उनके अधूरे कार्यों को पूरा करना हमारा प्रथम उद्देश्य है और मुझे पूरा विश्वास है कि इस कार्य में पार्टी के हर एक कार्यकर्ता का भरपूर सहयोग प्राप्त होगा।
निशांत कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य किया है और उन तमाम कार्यों को जन-जन तक पहुँचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। वर्ष 2005 में बिहार की बागडोर संभालने के बाद उन्होंने दलित, पिछड़ा, अतिपिछड़़ा, अल्पसंख्यक एवं महिला केंद्रित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कीं, जिसके कारण समाज के शोषित एवं वंचित वर्गों तक विकास का समुचित लाभ पहुँचा है।
उन्होंने कहा कि ‘जल-जीवन-हरियाली’ के तहत नीतीश कुमार ने पर्यावरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए, जिसका परिणाम है कि बिहार का हरित आवरण 9 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। संयुक्त राष्ट्र ने सितंबर 2020 में उन्हें ‘क्लाइमेट लीडर’ के रूप में सराहा। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के ऐतिहासिक फैसले पर कई लोगों ने सवाल उठाए और आशंका जताई कि इससे राज्य को आर्थिक नुकसान हो सकता है, लेकिन नीतीश कुमार ने बिहारवासियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी। आज इसका परिणाम है कि समाज में शांति और सद्भाव का वातावरण बना है, और खासकर महिलाएँ खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान परिषद में सत्तारूढ़़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ ‘गांधीजी’, अनिल कुमार, अमरदीप एवं वासुदेव कुशवाहा भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

