प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन कर नीतीश कुमार तुरंत निकले, जदयू ने कहा- कार्यक्रम में रुकना तय नहीं था

WhatsApp Channel Join Now
प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन कर नीतीश कुमार तुरंत निकले, जदयू ने कहा- कार्यक्रम में रुकना तय नहीं था


पटना, 18 सितंबर (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित एकदिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन करने के तुरंत बाद रवाना हो गए। सुबह करीब 11 बजे प्रदेश कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार ने कर्पूरी सभागार में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और इसके बाद पार्टी कार्यालय से निकल गए। उनके कार्यक्रम से तत्काल रवाना होने को लेकर पार्टी नेताओं ने कहा कि उनका कार्यक्रम में केवल उद्घाटन के लिए आना तय था।

जदयू नेताओं के अनुसार, नीतीश कुमार अब संगठन के अधिकांश कार्यक्रमों में अधिक देर तक नहीं रुकते हैं। ऐसे में उद्घाटन के बाद उनका रवाना होना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। पार्टी ने पहले ही स्पष्ट किया था कि 18 सितंबर का आयोजन सांसदों और विधायकों के लिए एकदिवसीय प्रबोधन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को विधायी प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराना है।

नीतीश कुमार के रवाना होने के बाद कार्यक्रम की आगे की कार्यवाही राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जारी रही।

इस बीच कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और अनुपस्थिति भी चर्चा में रही। कार्यक्रम शुरू होने के समय उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और अशोक चौधरी प्रदेश कार्यालय नहीं पहुंचे थे। पार्टी नेताओं ने बताया कि बिजेंद्र प्रसाद यादव स्वास्थ्य खराब होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। वहीं, पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में पहुंचते रहे।

इससे पहले प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर नीतीश कुमार का संजय झा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। कर्पूरी सभागार में दीप प्रज्वलित कर उन्होंने कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके बाद उनके रवाना होने के साथ ही कार्यक्रम की आगे की जिम्मेदारी अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संभाल ली।

जदयू ने इस कार्यक्रम को लेकर पिछले दिनों से चल रही विभिन्न राजनीतिक अटकलों को भी खारिज किया था। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने 16 सितंबर को कहा था कि कार्यक्रम का उद्देश्य सांसदों और विधायकों को विधायी प्रक्रिया की जानकारी देना तथा उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से सदन में उठाने के लिए तैयार करना है। उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी के नाम में बदलाव अथवा नीतीश कुमार की जगह किसी अन्य नेता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का तत्काल कोई प्रस्ताव उनकी जानकारी में नहीं है।

शुक्रवार के कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को विधायी कार्य, कानून बनाने की प्रक्रिया, प्रश्नकाल और सदन की कार्यवाही से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी जा रही है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत अन्य वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में मौजूद हैं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story