सुशासन दिवस नीतीश संवाद की तैयारी को लेकर जदयू की हुई बैठक
अररिया 12 नवम्बर(हि.स.)।
आगामी 24 नवंबर को होने वाले जनता दल यूनाइटेड के कार्यक्रम सुशासन दिवस नीतीश संवाद की तैयारी को लेकर पुराना डाक बंगला के सभागार में जिला जदयू की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पवन मिश्रा एवं मंच संचालन जिला महासचिव सीताराम मंडल ने किया।बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह शामिल हुई और बैठक को संबोधित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री लेसी सिंह ने नीतीश कुमार के मुख्यमंत्रित्व काल की सैकड़ो लोक कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत रूप से चर्चा की।उन्होंने कहा कि 2005 से 2026 तक नीतीश कुमार ने अपने मुख्यमंत्री काल में राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान कर कानून व्यवस्था और सुशासन के तहत अपराध पर नियंत्रण करते हुए राज्य में जीरो टॉलरेंस नीति लागू किया।क्राइम करप्शन से कभी समझौता नहीं किया।
विकसित बिहार के विश्वकर्मा के रूप में उन्होंने हर घर बिजली, हर घर नल का जल, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, पक्की गली -नाली निर्माण कार्य, युवा कौशल और रोजगार, एशिया महादेश का नंबर वन म्यूजियम, समय-समय पर कृषि रोड मैप लाकर किसानों की आय बढ़ाने जैसी अनेकों अनेक जनकल्याणकारी योजना को धरातल पर उतारकर समाज के हर वर्ग के लोग सहित समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों को सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से सबल करने का काम किया। लोग उसे आदर सहित विकास पुरुष कहते हैं।
पार्टी के जिलाध्यक्ष पवन मिश्रा ने कहा कि हम सबों के सर्वमान्य नेता ने महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के लिए जीविका समूह का शुरुआत कर लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का काम किया। महिलाओं को पंचायती राज और नगर निकाय चुनाव में 50 फीसदी आरक्षण देने वाला बिहार देश का पहला राज्य बना।
बैठक में कार्यक्रम प्रभारी इरशाद अली आजाद ने कहा कि मुख्यमंत्री साइकिल योजना और पोशाक योजना लाकर बेटियों को आगे पढ़ने का सुनहरा मौका दिया। छात्र एवं छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के तहत 4 लाख रुपए देने का काम किया। इस योजना का लाभ प्रकार आज बिहार के लाखों बच्चे एवं बच्चियों उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

