एकचारी रेलवे फ्लाईओवर और एनटीपीसी की फ्लाई ऐश के मुद्दे को लेकर नीतीश कुमार से मिले जदयू नेता

WhatsApp Channel Join Now
एकचारी रेलवे फ्लाईओवर और एनटीपीसी की फ्लाई ऐश के मुद्दे को लेकर नीतीश कुमार से मिले जदयू नेता


भागलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले के कहलगांव के वरिष्ठ जदयू नेता रविंद्र यादव ने सोमवार को पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड आवास पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, जनता दल (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहलगांव क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण जनसमस्याओं को लेकर एक आवेदन सौंपा। रविंद्र यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री से एकचारी रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से फ्लाईओवर का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों को रोजाना जाम और आवागमन की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। फ्लाईओवर बनने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने एनटीपीसी से निकलने वाली फ्लाई ऐश (राख) के सुरक्षित रख-रखाव एवं प्रभावी प्रबंधन की मांग भी उठाई।

उन्होंने बताया कि खुले में उड़ने वाली राख से आसपास के ग्रामीणों को प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए इस पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दोनों मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवेदन अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों पर सरकार संवेदनशील है और उचित पहल की जाएगी।

इस अवसर पर रविंद्र यादव ने कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश को जनता दल (यू) के श्रम एवं तकनीकी प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार अपने जनसंपर्क और जनसंवाद कार्यक्रम के तहत लगातार पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं।

सोमवार को भी उन्होंने पटना स्थित अपने आवास पर बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और आमजनों से आत्मीय संवाद किया, उनका कुशलक्षेम जाना तथा बिहार के विकास, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, लोकप्रकाश सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story