सुशासन दिवस-नीतीश संवाद की सफलता को लेकर जदयू ने तेज की तैयारी
दरभंगा, 20 नवंबर (हि.स.)। आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जदयू ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। विधायक सह जिलाध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल के नेतृत्व में विभिन्न प्रखंडों में बैठक कर कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की सफलता की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार को हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, जाले, केवटी, दरभंगा सदर एवं मनीगाछी प्रखंडों में बैठक आयोजित की गई। बैठकों में विधायक ने कार्यकर्ताओं को अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने, संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने तथा कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन, विकास, सामाजिक न्याय एवं जनकल्याण के क्षेत्र में हुए कार्यों और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाना पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। यह कार्यक्रम सरकार की नीतियों एवं विकास कार्यों को जनता के बीच रखने का अवसर है।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने की अपील करते हुए कहा कि सभी साथी अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें, ताकि 24 नवंबर का आयोजन यादगार बन सके।
बैठकों में प्रखंड अध्यक्ष शशिकांत साह, विनय कुमार, अनिल मिश्रा, गणेश चौबे, अतर इमाम बेग, मनोज कुमार दास, उपेंद्र राय सहित विभिन्न प्रखंडों के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

