24 नवंबर को आयोजित हाेने वाले सुशासन दिवस नीतीश संवाद काे लेकर जदयू ने की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
24 नवंबर को आयोजित हाेने वाले सुशासन दिवस नीतीश संवाद काे लेकर जदयू ने की बैठक


सुपौल, 11 नवंबर (हि.स.)। आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले सुशासन दिवस नीतीश संवाद कार्यक्रम की सफलता को लेकर बुधवार को सुपौल जिला जनता दल (यू) की ओर से कर्पूरी सभागार में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेसी सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

इस दौरान कार्यक्रम की तैयारी, संगठन की सक्रियता और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विकास पुरुष नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में राज्य के विकास के लिए जो कार्य किए हैं, उसे बिहार की जनता कभी भुला नहीं सकती।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास की समग्र धारा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का काम किया है। उनके नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में हुए कार्य आज भी बिहार के करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव के रूप में दिखाई दे रहे हैं।

सांसद सह जदयू संसदीय दल के नेता दिलेश्वर कामैत ने कहा कि बिहार के विकास पुरुष नीतीश कुमार के अलावा कोई दूसरा नहीं हो सकता। उनके नेतृत्व में बिहार ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। आगामी 24 नवंबर को आयोजित नीतीश संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने की। इस अवसर पर उन्होंने मंत्री लेसी सिंह को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।

बैठक में निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, पिपरा विधायक रामविलास कामत, त्रिवेणीगंज विधायक सोनम रानी सरदार, हारून रशीद, लखन ठाकुर सहित सैकड़ों जदयू कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775260 Articles

Share this story