पुण्यतिथि पर याद किए गए भारत रत्न जवाहरलाल नेहरू

WhatsApp Channel Join Now
पुण्यतिथि पर याद किए गए भारत रत्न जवाहरलाल नेहरू


बेगूसराय, 27 मई (हि.स.)। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की 59वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद किया। जिला उपाध्यक्ष डॉ. रजनीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. रजनीश कुमार ने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत के शिल्पी थे। भारत के आजाद होने पर देश की कमान संभाल कर नई दिशा दी। उन्होंने खाद्यान्न एवं संसाधनों की कमी से जूझ रहे भारत को अपनी सूझबूझ से आत्मनिर्भर बनाया। ऐसे महान सपूत को आज हम श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हैं।

नगर अध्यक्ष ब्रजेश कुमार प्रिंस ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू के सामने स्वतंत्र भारत की अनेकों चुनौतियां थी। जिसमें देश की सुरक्षा, रोजगार, आधारभूत संरचना, कृषि, उद्योग, सामाजिक उत्थान आदि सभी शामिल रहे। पंडित नेहरू ने समस्याओं को एक अवसर में परिवर्तित किया और आज हम सभी जो भारत देख रहे हैं, उसकी नींव रखी। उनकी पुण्यतिथि पर अखंड भारत निर्माण में भागीदारी निभाने की प्रतिबद्धता को हमें दोहराना होगा। श्रद्धांजलि सभा में शिक्षक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दिवाकर सिंह, आईटी सेल जिलाध्यक्ष कुशमेश शांडिल्य एवं युवा कांग्रेस महासचिव राघव कुमार सहित अन्य ने भी विचार रखते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा

Share this story