महामहिम की मेज तक पहुंचेगी भागलपुर के जर्दालू आम की मिठास

WhatsApp Channel Join Now
महामहिम की मेज तक पहुंचेगी भागलपुर के जर्दालू आम की मिठास


भागलपुर, 02 जून (हि.स.)। भागलपुर का विश्व प्रसिद्ध जर्दालू आम का स्वाद एक बार फिर देश की सर्वोच्च हस्तियों को लुभाने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' में अपनी खास पहचान दर्ज करा चुके इस विशिष्ट आम की खेप जल्द ही दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सहित कई गणमान्य व्यक्तियों तक पहुंचेगी।

बिहार सरकार की ओर से हर साल भेजी जाने वाली इस पारंपरिक सौगात को लेकर कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारी पूरी मुस्तैदी से जुट गए हैं। इस अनूठी परंपरा की शुरुआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में की गई थी। जिसे इस साल भी बेहद उत्साह के साथ कायम रखा जा रहा है।

दिल्ली भेजे जाने वाले इस विशेष आम की पैदावार भागलपुर के तिलकपुर स्थित 'मधुवन नर्सरी' में की जाती है। इस नर्सरी के संचालक 'मैंगो मैन' के रूप में विख्यात प्रगतिशील किसान और रिसर्चर अशोक चौधरी हैं, जिन्होंने जर्दालू आम की गुणवत्ता और उसकी किस्मों पर लंबा शोध किया है।

प्रशासनिक स्तर पर इस सौगात को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उद्यान विभाग के अधिकारी मोहम्मद खलिल अहमद और किसान अशोक कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से बताया कि जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के तहत करीब 100 क्विंटल बेहतरीन जर्दालू आम की पैकेजिंग की जा रही है। इसमें से 50 क्विंटल आम की पहली खेप पटना के बियाडा पैक हाउस भेज दी गई है, जबकि बाकी 50 क्विंटल आम की छंटाई और पैकिंग अधिकारियों की सीधी देखरेख में की जा रही है। गुणवत्ता मानकों पर पूरी तरह खरे उतरने के बाद बुधवार को पटना के बिहटा से यह पूरी खेप दिल्ली के लिए रवाना कर दी जाएगी। जीआई टैग प्राप्त भागलपुर का जर्दालू आम अपनी बेमिसाल खुशबू, सुपाच्य प्रकृति और लाजवाब स्वाद के लिए दुनिया भर में मशहूर है।

कृषि विशेषज्ञों का दावा है कि अपनी विशिष्ट खूबियों के कारण यह आम रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मददगार साबित होता है, और सीमित मात्रा में मधुमेह के मरीज भी इसका आनंद ले सकते हैं। पिछले करीब दो दशकों से बिहार की इस खास पहचान और मिठास को देश के शीर्ष नेतृत्व तक सम्मान स्वरूप पहुंचाने का यह सिलसिला लगातार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story