जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, दिसंबर तक पूरा होगा अधिकारियों और कर्मियों का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, दिसंबर तक पूरा होगा अधिकारियों और कर्मियों का प्रशिक्षण


जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, दिसंबर तक पूरा होगा अधिकारियों और कर्मियों का प्रशिक्षण


सुपौल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना (पॉपुलेशन एन्यूमरेशन) से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी सावन कुमार, उप विकास आयुक्त और अपर समाहर्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर डीएम ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के चार्ज जनगणना अधिकारियों को द्वितीय चरण के कार्यों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसंख्या गणना का कार्य पूरी सावधानी, पारदर्शिता और त्रुटिरहित तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। जनगणना के आंकड़े देश के विकास और नीति निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सटीक आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न योजनाओं का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन कर सकती है।

जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का कार्य जनवरी से फरवरी 2027 तक निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों, तकनीकी सहायकों, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि गणना का कार्य व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय की ओर से नामित प्रशिक्षक रविशकांत और रोहित कुमार ने अधिकारियों को जनसंख्या गणना से जुड़े विभिन्न सैद्धांतिक पहलुओं, ऑनलाइन प्रक्रियाओं और कार्यों के व्यावहारिक निष्पादन की जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 अक्टूबर से दो नवंबर तक संचालित होगा।

इस दौरान सभी अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल जनगणना अधिकारी, निदेशक एनईपी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज जनगणना अधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी तथा अपर चार्ज जनगणना अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769616 Articles

Share this story