जनगणना 2027: प्रथम चरण के प्रशिक्षण का निरीक्षण, शत-प्रतिशत कवरेज पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना 2027: प्रथम चरण के प्रशिक्षण का निरीक्षण, शत-प्रतिशत कवरेज पर जोर


किशनगंज, 18 मार्च (हि.स.)। जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को लेकर समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को अपर मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह उप महा निरीक्षक मृत्युंजय कुमार ने निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से पूर्व सत्रों में दी गई जानकारी से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनके संतोषजनक उत्तर मिलने पर उन्होंने संतुष्टि जताई। इस मौके पर उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों को शत-प्रतिशत मकानों का पूर्ण कवरेज सुनिश्चित करने तथा त्रुटिरहित गणना कार्य संपादित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 में पहली बार स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है, ताकि आम नागरिक इस प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सक्रिय रूप से भाग ले सकें।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) गिरिजेश कुमार, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी प्रमोद सिंह, पटना से आए प्रशिक्षक रंजय कुमार सिन्हा एवं हेमंत कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी और अन्य प्रतिभागी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story