सुपौल में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 17 अप्रैल से 1 मई तक घर बैठे करें स्व-गणना

WhatsApp Channel Join Now

सुपौल, 13 अप्रैल (हि.स.)। भारत की जनगणना-2027 को लेकर सुपौल जिले में भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जनगणना के पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

इसके तहत जिले के नागरिकों को 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 तक स्व-गणना की सुविधा दी गई है। इस दौरान लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। प्रशासन ने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक अपनी सही जानकारी खुद दर्ज कर सकते हैं, जिससे जनगणना की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक हो सकेगी।

पोर्टल पर परिवार के सदस्यों की संख्या, घर की स्थिति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां भरनी होंगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पोर्टल पर दी जाने वाली सभी जानकारी सावधानीपूर्वक और सही-सही दर्ज करें, ताकि जनगणना के आंकड़े पूरी तरह सटीक हो सकें।जिला प्रशासन ने सुपौल जिले के लोगों से कहा है कि वे स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। यह सुविधा खास तौर पर इसलिए दी गई है ताकि लोग बिना किसी परेशानी के अपने घर से ही जनगणना की प्रक्रिया में भाग ले सकें।

स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद जनगणना का दूसरा चरण 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक सुपौल जिले के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर नागरिकों से जानकारी एकत्र करेंगे। प्रगणक नागरिकों से निर्धारित 33 प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करेंगे, जिसमें परिवार, आवास, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक स्थिति और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी शामिल होगी।

अधिकारियों ने लोगों से यह भी अपील की है कि जब प्रगणक उनके घर पहुंचे तो वे उनका पूरा सहयोग करें और पूछे गए सभी प्रश्नों का सही जवाब दें। प्रशासन का कहना है कि जनगणना के आंकड़े सरकार की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सरकार का मानना है कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही सशक्त बिहार और विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इसलिए सुपौल जिले के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे जनगणना-2027 के इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और सही जानकारी देकर इसे सफल बनाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story