सड़क के गड्ढे में बैठकर जन सुराज का अनोखा विरोध, सदर विधायक से मांगा इस्तीफा

WhatsApp Channel Join Now
सड़क के गड्ढे में बैठकर जन सुराज का अनोखा विरोध, सदर विधायक से मांगा इस्तीफा


बक्सर, 16 अगस्त (हि.स.)। गोलंबर से जासो, नदांव होते हुए डुमरांव को जोड़ने वाली जर्जर सड़क की बदहाली को लेकर जन सुराज पार्टी ने रविवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। जासो स्थित शिव मंदिर के सामने सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भरे होने के बीच जन सुराज के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा कार्यकर्ताओं के साथ बैठ गए और करीब दो घंटे तक सांकेतिक मौन धरना दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी प्रदर्शन को समर्थन देते हुए सड़क की दुर्दशा पर आक्रोश जताया।

धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने सदर विधायक आनंद मिश्रा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान विधायक ने दो महीने के भीतर सड़क निर्माण कराने का वादा किया था और इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था। उन्होंने सवाल उठाया कि विधायक का कार्यालय इसी सड़क के किनारे है, बावजूद इसके सड़क की बदहाली पर कोई ठोस पहल नहीं हो रही है।

बजरंगी मिश्रा ने कहा कि यदि विधायक सड़क निर्माण कराने में सक्षम नहीं हैं तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायक निधि में राशि नहीं होने की स्थिति में वह स्वयं पांच हजार रुपये का योगदान देंगे और जनता से चंदा जुटाकर सड़क निर्माण के लिए अभियान चलाएंगे।

उन्होंने चेतावनी दी कि एक महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो जन सुराज आंदोलन को और तेज करेगा।

लोकसभा प्रभारी दिवाकर पाठक ने कहा कि इस सड़क पर चलना लोगों के लिए नरक के समान हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं आए दिन गड्ढों में गिरकर परेशान हो रहे हैं, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों का इस ओर ध्यान नहीं है।

धरने में धनजी पांडे, विजय पाठक, धनजी उपाध्याय, नीरज सिंह, प्रभाकर, भुनेश्वर, अजीत लाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story