जनता दरबार में पहुंचे 21 फरियादी, आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 20 नवंबर (हि.स.)।

आमलोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन तक उनकी सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया।

अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह एवं अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान ने संयुक्त रूप से लोगों की समस्याएं सुनीं। ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित कुल 21 आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। इनमें सबसे अधिक 10 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित थे।

विकास विभाग से जुड़े चार और अन्य विभागों से संबंधित सात आवेदन प्राप्त हुए।अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। साथ ही संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी एवं न्यायोचित तरीके से किया जाना चाहिए। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के तहत प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार के माध्यम से आमलोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। इसका उद्देश्य जन शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780489 Articles

Share this story