सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शिक्षकों को दिया गया पॉक्सो एक्ट का प्रशिक्षण
बक्सर। 28 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली के निर्देश तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर की ओर से शनिवार को विधिक सेवा सदन में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को बाल यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 के प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार काजल झाम्ब, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, साइबर क्राइम के उपाधीक्षक समीर कुमार सिंह, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव बिंदेश्वरी पांडे सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण के दौरान विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट)-सह-जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश अमित कुमार शर्मा, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय परिषद हर्षवर्धन सिंह, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी प्रकाश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता दीपक कुमार तथा बाल संरक्षण इकाई के परामर्शदाता प्रशांत कुमार ने शिक्षकों को विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। वक्ताओं ने पॉक्सो अधिनियम के कानूनी प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों और बाल यौन उत्पीड़न से जुड़े मामलों में शिक्षकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा शिक्षकों को किसी भी तरह की अप्रिय घटना की स्थिति में समय रहते उचित कदम उठाने के लिए सक्षम बनाना था। प्रशिक्षकों ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार ही नहीं, बल्कि विद्यालय और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे में शिक्षकों को बच्चों के व्यवहार और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने की आवश्यकता है।
अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि हर बच्चे का बचपन सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों को बाल संरक्षण के प्रति सजग रहने और जागरूकता का संदेश विद्यालयों तक पहुंचाने की अपील की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

