फोर नेशन कबड्डी कप में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय जूनियर टीम के खिलाड़ी दीपक कुमार सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
फोर नेशन कबड्डी कप में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय जूनियर टीम के खिलाड़ी दीपक कुमार सम्मानित


बक्सर, 27 नवंबर (हि.स.)। नेपाल में आयोजित फोर नेशन कबड्डी कप में भारतीय जूनियर कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले बक्सर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी दीपक कुमार को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। शुक्रवार को समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सह वरीय पदाधिकारी, खेल कार्यालय निहारिका छवि ने दीपक कुमार को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।

इस मौके पर उप विकास आयुक्त ने दीपक कुमार की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपक कुमार ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, लगन और बेहतर खेल कौशल के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि पूरे बक्सर जिले के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि दीपक की सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। इससे युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा मिलेगी। खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है।

डीडीसी ने युवा खिलाड़ियों से अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर अभ्यास और मेहनत करने की अपील की। जिला प्रशासन ने दीपक कुमार के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story