नो-एंट्री के बाद नए बाईपास पर दौड़ रहे 51 ट्रकों पर कार्रवाई, 4.01 लाख रुपये जुर्माना
बक्सर, 12 नवंबर (हि.स.)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए जिला परिवहन विभाग ने गुरुवार को विशेष जांच अभियान चलाया।
इस दौरान डीएवी मोड़ के समीप नए बाईपास मार्ग पर निर्धारित नो-एंट्री अवधि के बाद भी अवैध रूप से परिचालन करते पाए गए ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जिला परिवहन कार्यालय बक्सर की प्रवर्तन टीम द्वारा चलाए गए इस अभियान में कुल 51 भारी वाहनों (ट्रकों) का चालान काटा गया। नियमों की अनदेखी करने वाले इन वाहन चालकों पर कुल 4 लाख 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जिला परिवहन कार्यालय एवं प्रवर्तन दल की संयुक्त कार्रवाई से नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। विभाग ने सभी वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों को सख्त हिदायत दी है कि वे निर्धारित नो-एंट्री नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नए बाईपास सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर नियमित रूप से सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

