जनता दरबार में पहुंचे 143 आवेदन, राजस्व से जुड़े सबसे अधिक मामले

WhatsApp Channel Join Now
जनता दरबार में पहुंचे 143 आवेदन, राजस्व से जुड़े सबसे अधिक मामले


बक्सर सितंबर (हि.स.)। जिला पदाधिकारी साहिला ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतों और समस्याओं से संबंधित कुल 143 आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।

इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो सम्मेलन के माध्यम से जनसुनवाई से जुड़े रहे। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में सबसे अधिक 60 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित रहे। वहीं 40 आवेदन विकास कार्यों से जुड़े थे, जबकि 43 आवेदन अन्य विभागों से संबंधित रहे। लोगों ने भूमि, राजस्व, विकास योजनाओं समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन के समक्ष अपनी फरियाद रखी।

जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का तत्काल निर्देश दिया। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए और कार्रवाई में पारदर्शिता एवं न्यायसंगत प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित हो।

जनसुनवाई के दौरान जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवेदकों को उनके मामले की प्रगति और निष्पादन की जानकारी भी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके त्वरित समाधान के लिए जनसुनवाई की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सहज और पारदर्शी मंच उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story