जिले में बाढ़ का असर बरकरार, 5 अंचलों के 27 गांव प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
जिले में बाढ़ का असर बरकरार, 5 अंचलों के 27 गांव प्रभावित


बक्सर, 10 सितंबर (हि.स.)। जिले में बाढ़ की स्थिति से प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। आपदा शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के 5 अंचलों की 13 पंचायतों के 27 गांवों में 9,989 लोग प्रभावित हैं। प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं राहत कार्यों के लिए नावों का परिचालन कराया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार अब तक 37 नावों का परिचालन किया जा चुका है, जबकि गुरुवार को 13 नावें संचालित की जा रही हैं। बाढ़ प्रभावित परिवारों को बारिश एवं जलजमाव से बचाव के लिए पॉलिथीन शीट भी उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 6,055 पॉलिथीन शीट वितरित की जा चुकी हैं, जबकि गुरुवार को 253 शीट वितरित की गईं।

राहत सामग्री के तहत अब तक 700 सूखा राशन पैकेट वितरित किए गए हैं। वहीं, गुरुवार को प्रभावित परिवारों के बीच 300 सूखा राशन पैकेट वितरित किए गए। बाढ़ प्रभावित पशुपालकों के लिए भी प्रशासन की ओर से पशु चारा उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक 65.75 क्विंटल पशु चारा वितरित किया जा चुका है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story