सूर्य घर योजना में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, अनावश्यक आवेदन रद्द करने वाले बैंकों पर भी शिकंजा

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर , 28 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी बक्सर साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले बिजली विभाग के अभियंताओं और अनावश्यक रूप से आवेदन अस्वीकृत करने वाले बैंकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान डुमरांव, ब्रह्मपुर और रघुनाथपुर के कनीय अभियंता अनुपस्थित पाए गए। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगते हुए अनुपस्थिति वाले दिन का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया। साथ ही लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले अभियंताओं के विरुद्ध कार्रवाई के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को दिया।

जिला पदाधिकारी ने विद्युत विभाग के कनीय अभियंताओं को प्रतिदिन निर्धारित आवेदन प्राप्ति के लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा सोलर पैनल अधिष्ठापन के लक्ष्य को भी पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में बैंकों द्वारा अस्वीकृत किए गए आवेदनों की समीक्षा का भी निर्देश दिया गया।

उप विकास आयुक्त को निर्देशित किया गया कि स्वीकृति नहीं देने अथवा अनावश्यक रूप से आवेदन अस्वीकृत करने वाले बैंकों की अलग से समीक्षा कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। वहीं, अग्रणी जिला प्रबंधक को संबंधित बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर स्वीकृत आवेदनों के विरुद्ध ऋण एवं अनुदान वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने ‘मिशन प्रभाकिरण’ के तहत आमजनों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभाग और बैंक समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक इसका लाभ पहुंच सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story