ग्रामीण आवास योजना से बक्सर के पात्र परिवारों को मिला पक्का आवास लाभुकों के बीच आवास की चाबी व स्वीकृति पत्र वितरित
बक्सर, 20 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सफल क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता फर्खंदा कुरैशी, निदेशक डीआरडीए, जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी एवं योजना के लाभुक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान बक्सर जिले में योजना के तहत आवास निर्माण पूरा करने वाले लाभुकों के बीच गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबी एवं शुभकामना संदेश तथा नवचयनित लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
लाभुकों को जीविका, वीबी-जी राम जी, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, विद्युत कनेक्शन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और स्वच्छ पेयजल सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर लाभ प्राप्त करने की जानकारी दी गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी स्वीकृत लाभुकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से आवास निर्माण पूरा करने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को लाभुकों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। आवास के साथ अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर लाभुक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाना सरकार की प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

