बक्सर में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सामूहिक इस्तीफे से बढ़ी राजनीतिक हलचल

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 13 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक मोर्चा की जिला इकाई में गुरुवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। पार्टी की सांगठनिक स्थिति और कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान को लेकर नाराज नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया। शहर के ज्योति प्रकाश चौक स्थित सिटी पैलेस में धनंजय कुशवाहा की अध्यक्षता और प्रदेश महासचिव अरुण कुशवाहा के संचालन में हुई बैठक में प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक से पहले शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सामूहिक इस्तीफे से संबंधित पोस्टर-बैनर लगाए गए थे। कई कार्यकर्ताओं ने इन्हें सोशल मीडिया पर भी साझा किया। बैठक में प्रदेश महासचिव मनोज कुशवाहा और अरुण कुशवाहा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान की रक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं की अनदेखी का आरोप लगाया।

नेताओं ने बताया कि 16 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा से इस मुद्दे पर वार्ता प्रस्तावित है। वार्ता में समाधान नहीं निकला तो बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे सकते हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष बबन सिंह बैठक में मौजूद नहीं थे, लेकिन दूरभाष पर उन्होंने भी पद से इस्तीफे की सहमति दी।

सामूहिक इस्तीफा देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष दीनानाथ ठाकुर, प्रदेश महासचिव बिहारी पासवान, मनोज कुशवाहा, अरुण कुशवाहा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा और पूर्व जिलाध्यक्ष रामअवतार राम सहित कई प्रमुख नेता शामिल हैं। इनके अलावा सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी इस्तीफे पर हस्ताक्षर किए। अब सभी की नजर 16 अगस्त की प्रस्तावित वार्ता पर टिकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story