राघोपुर के करजाईन पंचायत में जन संवाद कार्यक्रम, ग्रामीणों की समस्याएं सुन मंत्री ने दिए समाधान के निर्देश
सुपौल, 02 जून (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत करजाईन पंचायत के मुसहरी टोला वार्ड संख्या-07 में मंगलवार को जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के मंत्री सह सुपौल जिला प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने भाग लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
जन संवाद के दौरान मंत्री ने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं, सुझावों और विकास संबंधी मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इसी उद्देश्य से जन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों की बात सीधे सुनी जा रही है। मंत्री ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित निष्पादन के निर्देश देते हुए मंत्री ने विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जन संवाद कार्यक्रम में स्थानीय
जनप्रतिनिधियों, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी बात मंत्री के समक्ष रखी। कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

