जामो जलालपुर हत्याकांड में फरार आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार : एसपी

WhatsApp Channel Join Now
जामो जलालपुर हत्याकांड में फरार आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार : एसपी




सीवान, 14 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि जामोबाजार थाना क्षेत्र के जामो जलालपुर में महिला की हत्या के बहुचर्चित मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है।

मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही इस कांड में अब तक तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

एसपी ने बताया कि 25 मई 2026 को शाम करीब 6:30 बजे जामोबाजार थाना क्षेत्र के जामो जलालपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर तलवार से हमला कर दिया था।

इस घटना में तारा देवी, पति सुरेश दुबे, की मौत हो गई थी, जबकि अन्य लोग घायल हुए थे।

उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों के आवेदन पर जामोबाजार थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 103(1), 61(2), 109, 118(2) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।

जांच के क्रम में पहले ही दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि कांड के अग्रेतर अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर फरार अभियुक्त सुबोध दुबे, पिता स्वर्गीय लालबाबू दुबे, निवासी जामो जलालपुर, थाना जामोबाजार, को दिल्ली के जनकपुरी स्थित भगत हॉस्पिटल से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई का नेतृत्व जामोबाजार थानाध्यक्ष पु.अ.नि. धीरज कुमार ने अपनी टीम के साथ किया।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story