वीबीजीआरएमजी एवं जल संसाधन विभाग के अभियंताओं का एकदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
वीबीजीआरएमजी एवं जल संसाधन विभाग के अभियंताओं का एकदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित


सुपौल, 31 जुलाई (हि.स.)। विकसित भारत ग्राम्य योजना (वीबीजीआरएमजी) एवं जल संसाधन विभाग के तकनीकी पदाधिकारियों के लिए शुक्रवार को जिला परिषद सभागार, सुपौल में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी सिंचाई प्रमंडलों के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता तथा विकसित भारत ग्राम्य योजना (वीबीजीआरएमजी) से जुड़े कनीय अभियंताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत ग्राम्य योजना एवं जल संसाधन विभाग की अभिसरण योजनाओं के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था। इस दौरान प्रशिक्षकों ने योजनाओं के कार्यान्वयन से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा अभियंताओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि जल संसाधन विभाग एवं विकसित भारत ग्राम्य योजना के अभियंता आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि सरकार की विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष रूप से पालन करने का निर्देश दिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनईपी-डीपीओ, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता सहित संबंधित विभागों के अन्य तकनीकी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story