दिवंगत जगदीश अग्रवाल की स्मृति में फारबिसगंज में 50 वर्ष बाद फिर से शुरू होगा जग्गू रनिंग शील्ड
अररिया 20 अगस्त(हि.स.)।
फारबिसगंज के प्रतिष्ठित नागरिक एवं प्रमुख कारोबारी जगदीश अग्रवाल का 11 अगस्त को इलाज के क्रम में दिल्ली-गुरुग्राम में निधन हो गया। जगदीश अग्रवाल फारबिसगंज के ली एकेडमी तथा फारबिसगंज कॉलेज के छात्र रहे थे। छात्र जीवन से ही उनकी खेलों में गहरी रुचि थी। वे क्रिकेट एवं फुटबॉल के अच्छे खिलाड़ी के रूप में भी जाने जाते थे। खेल के प्रति उनके इसी लगाव की स्मृति में जग्गू रनिंग शील्ड इंटर क्लास फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा।1970 के दशक में यह प्रतियोगिता फारबिसगंज में आयोजित होता था।
फारबिसगंज स्थित राम कुमार शिवदत्त राय आवास पर आयोजित शोकसभा में उनके छोटे भाई अनिल अग्रवाल एवं उनके मित्र अशोक दुग्गड ने जगदीश अग्रवाल से जुड़ी इन स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि जगदीश अग्रवाल के पुत्र गगन अग्रवाल, जो वर्तमान में गुरुग्राम में रहते हैं, ने फारबिसगंज में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं को प्रायोजित करने की इच्छा व्यक्त की है। इन प्रतियोगिताओं का नाम पूर्व की भांति जग्गू रनिंग शील्ड रखा जाएगा। प्रमुख खेलप्रेमी तमाल सेन ने भी अपने परिसर में प्रत्येक वर्ष ऐसे खेल आयोजनों को कराने के लिए अपनी सहमति प्रदान की है। इस पहल पर अशोक दुग्गड एवं अनिल अग्रवाल ने भी पूर्ण सहमति व्यक्त करते हुए प्रसन्नता जताई।
आने वाले समय में जग्गू रनिंग शील्ड के नाम से बैडमिंटन, टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इससे फारबिसगंज के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा खेल के प्रति युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

