सिमरी सीएचसी व प्रखंड-अंचल कार्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सिमरी सीएचसी व प्रखंड-अंचल कार्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश


बक्सर, 01 सितंबर (हि.स.)। जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने मंगलवार को सिमरी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति तथा कार्यालयों में कार्य संस्कृति की विस्तृत समीक्षा की गई। कई कर्मियों के निर्धारित समय के बाद पहुंचने और अस्पताल की व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

देर से पहुंचे चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी, वेतन स्थगित करने का निर्देश

सीएचसी सिमरी के निरीक्षण के दौरान डीएम ने बायोमैट्रिक उपस्थिति की जांच की। इस दौरान कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं मिले और विलंब से अस्पताल पहुंचे। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सिविल सर्जन को संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा अगले आदेश तक उनका वेतन स्थगित रखने का निर्देश दिया।

डीएम ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्र जैसी महत्वपूर्ण संस्था में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति बेहद जरूरी है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ड्यूटी के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इमरजेंसी वार्ड और शौचालय की खराब सफाई पर नाराजगी

निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड एवं शौचालय में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। डीएम ने अस्पताल परिसर की नियमित सफाई, मरीजों के लिए बेहतर वातावरण तथा स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया।

वहीं, परिवार नियोजन परामर्श कक्ष बंद पाया गया। इस पर डीएम ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से जवाब-तलब करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध सभी सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार मरीजों को मिलनी चाहिए और किसी भी सेवा में अनावश्यक व्यवधान नहीं होना चाहिए।

अस्पताल में 'मे आई हेल्प यू' काउंटर तत्काल संचालित करने का निर्देश

डीएम ने मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में ‘मे आई हेल्प यू’ काउंटर तत्काल संचालित करने का निर्देश दिया। साथ ही रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के मोबाइल नंबर अस्पताल परिसर में प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने को कहा, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कर्मियों से संपर्क करने में परेशानी न हो।

प्रखंड-अंचल कार्यालय में भी देर से पहुंचे कर्मी

इसके बाद डीएम ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। यहां भी उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति व्यवस्था की जांच की तथा बायोमैट्रिक उपस्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड कार्यालय में डाटा इंट्री ऑपरेटर एवं कार्यपालक सहायक तथा अंचल कार्यालय में लिपिक, अमीन, कार्यपालक सहायक, डाटा इंट्री ऑपरेटर एवं कार्यालय परिचारी निर्धारित समय के बाद कार्यालय पहुंचते पाए गए।

कर्मियों के विलंब से पहुंचने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए इसे कार्यालयी अनुशासन के विपरीत बताया। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को संबंधित कर्मियों से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया। साथ ही अगले आदेश तक संबंधित कर्मियों का वेतन स्थगित रखने का निर्देश दिया गया।

समय पर उपस्थिति और जवाबदेही पर प्रशासन का जोर

औचक निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी कार्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में समय पर उपस्थिति, अनुशासन और आम लोगों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा कार्य के प्रति उदासीनता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीएम के औचक निरीक्षण से सिमरी प्रखंड के स्वास्थ्य केंद्र, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में कर्मचारियों के बीच हड़कंप की स्थिति रही। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी संस्थानों में जवाबदेही और कार्य संस्कृति में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story