आईटीआई मनिहारी में रिक्त सीटों पर सात सितंबर को होगा स्पॉट एडमिशन
कटिहार, 03 सितंबर (हि.स.)। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), मनिहारी में सत्र 2026–28 एवं 2026–27 के तहत रिक्त रह गई सीटों पर नामांकन के लिए आगामी 07 सितंबर को संस्थान परिसर में 'स्पॉट एडमिशन' का आयोजन किया जाएगा। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निर्देशानुसार दो चरणों की ऑनलाइन काउंसलिंग और तीसरे चरण की ऑफलाइन मॉप-अप काउंसलिंग के बाद खाली बची सीटों को भरने के लिए यह प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
प्रभारी प्राचार्य द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, संस्थान में संचालित आईसीटीएसएम, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, मैकेनिक डीजल और वेल्डर ट्रेड की शेष रिक्तियों पर स्पॉट एडमिशन लिया जाएगा। इसके लिए आईटीआईसीएटी में शामिल ऐसे सभी पात्रता प्राप्त अभ्यर्थी, जिनका पूर्व की किसी काउंसलिंग के तहत कहीं नामांकन नहीं हुआ है, वे 06 सितंबर को अपराह्न 03:00 बजे तक संस्थान में अपना ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। निर्धारित समय के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया 07 सितंबर को पूर्वाह्न 10:00 बजे से प्रारंभ होगी। अभ्यर्थियों के जिलावार अनारक्षित मेधा क्रमांक, उनकी पसंद और संबंधित कोटि में सीटों की उपलब्धता के आधार पर ही सीट का आवंटन किया जाएगा।
नामांकन के लिए चयनित अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण पत्रों के साथ दो-दो स्व-सत्यापित छायाप्रतियां लानी होंगी। इनमें मैट्रिक का प्रवेश पत्र, अंक पत्र, औपबंधिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, पहचान पत्र/आधार कार्ड की प्रति, प्रवेश परीक्षा का एडमिट कार्ड तथा उसमें प्रयुक्त छह पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं। प्रशिक्षण शुल्क के रूप में अनुसूचित जाति/जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए ₹740 और अन्य कोटि के अभ्यर्थियों के लिए ₹980 निर्धारित किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

