कर्तव्य में लापरवाही पर इसुआपुर के थानाध्यक्ष निलंबित

WhatsApp Channel Join Now


सारण, 14 जुलाई (हि.स.)। जिले में इसुआपुर थाना के थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक गौरव कुमार को कर्तव्य में घोर लापरवाही, विधि-विरुद्ध कार्य और अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई मढ़ौरा दो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा सौंपी गई जांच रिपोर्ट और औचक निरीक्षण के आधार पर की गई है।

जांच रिपोर्ट के अनुसार इसुआपुर थाना कांड संख्या-245/26 मंदिर चोरी मामला की सूचना वरीय अधिकारियों को समय पर नहीं दी गई थी। इसके अतिरिक्त औचक निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में तीन व्यक्तियों को बिना किसी कानूनी कार्रवाई या प्राथमिकी दर्ज किए 24 घंटे से अधिक समय तक हिरासत में रखा गया पाया गया। इसे नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया है। निलंबन की अवधि के दौरान गौरव कुमार का मुख्यालय पुलिस केंद्र, सारण तय किया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story