सड़क चौड़ीकरण, जलजमाव व जमीन की खरीद-बिक्री का मुद्दा उठा
किशनगंज, 22 अगस्त (हि.स.)। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के दौरान नगर परिषद किशनगंज के मुख्य पार्षद इंद्रदेव पासवान ने सांसद डॉ. मो. जावेद आजाद को पत्र सौंपकर शहर की विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। पत्र में सड़क चौड़ीकरण, नाला निर्माण, जलजमाव तथा शहरी क्षेत्र की जमीन की खरीद-बिक्री में सरकारी राजस्व को संभावित नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है। मुख्य पार्षद ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में लाइन धोबीपट्टी एवं इमायता रेल ऊपरी पुल से जुड़ी सड़क, चुड़ीपट्टी पुल से कॉलेज रोड तथा बहादुरगंज जाने वाली सड़क आरसीडी के अधीन है। इन सड़कों के किनारे लगातार आबादी का विस्तार हो रहा है। इसके बावजूद सड़क चौड़ीकरण नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन सड़कों के चौड़ीकरण की आवश्यकता जताई। पत्र में पश्चिमपाली, चुड़ीपट्टी सहित अन्य इलाकों में बारिश के दौरान होने वाले जलजमाव की समस्या भी उठाई गई है।
मुख्य पार्षद ने कहा कि पश्चिमपाली से मारवाड़ी कॉलेज रोड तथा पश्चिमपाली से पुलिस लाइन की ओर पर्याप्त नाला नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। नगर परिषद की ओर से पश्चिमपाली में पूर्व दिशा की तरफ नाला का निर्माण कराया गया है, लेकिन इसे पर्याप्त नहीं बताया गया है। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण के साथ आरसीडी के माध्यम से नाला निर्माण कराने की मांग सांसद से की। मुख्य पार्षद ने वार्ड संख्या एक में जमीन की खरीद-बिक्री का मामला भी सांसद के समक्ष रखा। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ दस्तावेजों में केवल खाता, खेसरा और मौजा का उल्लेख कर शहरी क्षेत्र में स्थित जमीन को ग्रामीण क्षेत्र की जमीन के रूप में दर्शाया जा रहा है। इससे सरकारी राजस्व को नुकसान होने की संभावना जताई गई है। मुख्य पार्षद ने सांसद से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

