ईशा साह और दिव्या महतो एनएसएस मास्टर वॉलंटियर चुनी गईं

WhatsApp Channel Join Now
ईशा साह और दिव्या महतो एनएसएस मास्टर वॉलंटियर चुनी गईं


किशनगंज, 21 जुलाई (हि.स.)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित रोडमैप ऑन नारकोटिक्स कंट्रोल (2026-29) अभियान के तहत पूर्णिया विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के मास्टर वॉलंटियर्स (मास्टर ट्रेनर्स) की सूची जारी की है। इसमें किशनगंज के मारवाड़ी कॉलेज की दो छात्राओं ईशा साह (यूजी सेमेस्टर-द्वितीय) और दिव्या महतो (यूजी सेमेस्टर-पंचम) का चयन किया गया है। यह चयन नशीले पदार्थों के बढ़ते दुरुपयोग की रोकथाम, समाज में जन-जागरूकता फैलाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

चयनित छात्राएं मास्टर ट्रेनर के रूप में स्वयंसेवकों और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगी तथा नशा मुक्ति अभियान को गति देंगी। छात्राओं की इस उपलब्धि पर मारवाड़ी कॉलेज में खुशी का माहौल है। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार ने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है।उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों छात्राएं समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. क़सीम अख्तर ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में हमेशा अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि मास्टर ट्रेनर के रूप में चयनित दोनों छात्राएं अन्य स्वयंसेवकों के साथ मिलकर नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को प्रभावी बनाएंगी और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेंगी। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने ईशा साह और दिव्या महतो को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story