लघु सिंचाई योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा, डीडीसी ने दिए आवश्यक निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
लघु सिंचाई योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा, डीडीसी ने दिए आवश्यक निर्देश


सुपौल, 05 सितंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय में शनिवार को उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार की अध्यक्षता में लघु सिंचाई योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में लघु सिंचाई योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और आवश्यक कार्रवाई ससमय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल, सुपौल, कनीय अभियंता, लघु सिंचाई सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। उप विकास आयुक्त ने विभिन्न लघु सिंचाई योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कार्य प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल, सुपौल को दुबियाही पोखर को नियमानुसार संबंधित विभाग अथवा सक्षम प्राधिकारी को हस्तांतरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पोखर के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वहां नियमानुसार मत्स्य पालन का कार्य कराया जा सकेगा।

बैठक में ‘हर खेत तक सिंचाई योजना’ की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां आवश्यकता हो, वहां सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार कर विभाग को निर्धारित समय-सीमा के भीतर भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में आवश्यक समन्वय बनाए रखने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। बैठक में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि लघु सिंचाई योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है।

इसलिए योजनाओं में अनावश्यक विलंब नहीं हो और विभागीय निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी की जाए। बैठक के अंत में संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करने को कहा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story