शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल में लगी आग, किसानों ने की नुकसान भरपाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल में लगी आग, किसानों ने की नुकसान भरपाई की मांग


नालंदा, बिहारशरीफ 14 अप्रैल (हि.स.)। नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड के तुलसीगढ़ पंचायत अंतर्गत मुबारकपुर गांव के खंधा में आज मंगलवार को को 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 11 बीघा 12 कट्टा में लगी गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई। इस अगलगी की घटना में कई किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

जानकारी के अनुसार इस आगजनी में माधुरी देवी की लगभग 5 बीघा, नागेंद्र कुमार की 5 बीघा, बिरजू बिंद की 12 कट्टा तथा विकास कुमार उर्फ अमरूद कुमार की करीब 1 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। ग्रामीणों के अनुसार 11 हजार वोल्ट के बिजली तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी खेतों में गिरी और सूखी फसल में आग लग गई।आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने तत्काल एकजुट होकर बाल्टी, पंपसेट और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिकांश फसल जलकर राख हो चुकी थी। हालांकि ग्रामीणों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य खेतों को बचा लिया गया।ग्रामीणों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

उनका कहना है कि जर्जर बिजली तार और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही बिजली विभाग से जर्जर तारों को जल्द बदलने और नियमित निगरानी करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story