बिजली तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 12 क्विंटल तार बरामद

WhatsApp Channel Join Now
बिजली तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 12 क्विंटल तार बरामद


किशनगंज, 14 नवंबर (हि.स.)। किशनगंज पुलिस ने बिजली तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए करीब 12 क्विंटल बिजली के तार बरामद किए हैं।

पुलिस की पूछताछ में इस गिरोह में किशनगंज, अररिया और पश्चिम बंगाल के अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को विद्युत आपूर्ति प्रशाखा ग्रामीण के कनीय विद्युत अभियंता शक्ति कुमार ने किशनगंज थाना में लिखित आवेदन देकर करीब नौ किलोमीटर तक के 11 केवी एवं एलटी बिजली तार की चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

इस संबंध में किशनगंज थाना कांड संख्या 1242/26, दिनांक 13.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) तथा विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136/137 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुशरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी आशिक रजा, पिता मतिबुर रहमान, निवासी खाड़ी बस्ती महिनगांव वार्ड संख्या-08, थाना किशनगंज को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी के करीब 12 क्विंटल विद्युत तार बरामद किए गए। पूछताछ में गिरोह के अंतरजिला एवं अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

शनिवार को एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस गिरोह में किशनगंज और अररिया के अलावा पश्चिम बंगाल के अपराधी भी शामिल हैं।

छापेमारी दल में एसडीपीओ-1 खुशरू सिराज, सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला आसूचना इकाई के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा पुलिस अवर निरीक्षक बैजू कुमार, सतीश तिवारी, सूरज कुमार, धीरज कुमार और नितेश वर्मा शामिल थे। अभियान में किशनगंज थाना के सशस्त्र बल एवं चालक की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777100 Articles

Share this story