सफाली संस्थान में इंटर्नशिप समापन समारोह

WhatsApp Channel Join Now
सफाली संस्थान में इंटर्नशिप समापन समारोह


भागलपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। सफाली संस्थान सराय में न्यूट्रीशन सोसायटी ऑफ इंडिया (एनएसआई) भागलपुर चैप्टर के सहयोग से एस.एम. कॉलेज के जंतु विज्ञान एमजेसी, सेमेस्टर-5 सत्र 2023- 27 की छात्राओं के इंटर्नशिप पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को एक भव्य समापन समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर इंटर्नशिप की सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर उनके सफल प्रशिक्षण को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सफाली संस्थान के अध्यक्ष और एनएसआई भागलपुर चैप्टर के संयोजक प्रो. (डॉ.) फारूक अली ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि छात्राओं ने अपने शोध एवं सर्वेक्षण कार्यों के माध्यम से समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का सराहनीय प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा एकत्रित की गई जानकारी अत्यंत मूल्यवान एवं अनुपम है, जिसकी न तो तुलना की जा सकती है और न ही इसकी नकल संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्ति का वास्तविक सम्मान उसके चरित्र और कर्मों से निर्धारित होता है, न कि बाहरी सहारों से।

विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि इस इंटर्नशिप प्रशिक्षण में डॉ. अली ने स्वयं पूर्ण समय देकर छात्राओं का मार्गदर्शन किया। एसएम कॉलेज के यूजी सीबीसीएस प्रोग्राम के टीचर-इंचार्ज डॉ. दीपक कुमार दिनकर ने अपने संबोधन में कहा कि इंटर्नशिप के दौरान अर्जित ज्ञान को केवल सीमित न रखें, बल्कि उसे समाज में प्रचारित-प्रसारित करें और अपने जीवन में व्यवहारिक रूप से अपनाएं, जिससे व्यापक स्तर पर लोगों को लाभ मिल सके।

उन्होंने सभी छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की। इंटर्नशिप प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को रक्त (ब्लड) सैंपल टेस्ट से संबंधित सभी आवश्यक एवं महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक दी गईं। इसमें ब्लड प्रेशर की जांच एवं उसका महत्व, ब्लड शुगर टेस्ट, रक्त के घटकों की जानकारी, सामान्य स्वास्थ्य संकेतकों की पहचान तथा विभिन्न जांचों की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से सिखाया गया। इसके साथ ही बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) कोरोना से संबंधित मूलभूत जानकारी, बालों के काले रहने के वैज्ञानिक कारण, जेंडर रेशियो तथा सर्वेक्षण की विधियों पर भी विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। छात्राओं ने इंटर्नशिप अवधि के दौरान शोध पत्रों के लेखन की बारीकीयां भी सीखी।

सभी ने अलग-अलग टॉपिक पर अपने शोध पत्र भी लिखे। प्रशिक्षण में गुलअफशां परवीन, हुमा फारूक अली, बिजया लक्ष्मी, डॉ. अलोका, कल्पना कुमारी, आशिक अली एवं डॉ. श्वेता कुमारी सहित अन्य विशेषज्ञों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह में आरजू कुमारी, बी. रहीमा, मुस्कान आनंद,तनु प्रिया, सोनाली, मारिया इंतिखाब, गुफराना एवं ईशा केशव, अस्तुति, सना कुमारी, सहित अनेक छात्राओं का प्रदर्शन उत्कृष्ठ रहा।

इंटर्नशिप की प्रतिभागी छात्राओं ने संस्थान के अध्यक्ष व जेपी विश्वविद्यालय छपरा के पूर्व कुलपति प्रो. फारूक अली, एसएम कॉलेज के राजनीति विज्ञान के सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर और यूजी सीबीसीएस के टीचर इंचार्ज डॉ. दीपक कुमार दिनकर सहित अन्य प्रशिक्षिकाओं को अंग वस्त्र, बुके और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित की। छात्राओं ने कहा की सफाली संस्थान में इंटर्नशिप करके बहुत ही अच्छा अनुभव हो रहा है। वे यहाँ से बहुत कुछ सीखकर जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story