फारबिसगंज के साजन की शॉर्ट फिल्म अहमदाबाद इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए हुआ चयनित

WhatsApp Channel Join Now
फारबिसगंज के साजन की शॉर्ट फिल्म अहमदाबाद इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए हुआ चयनित


फारबिसगंज के साजन की शॉर्ट फिल्म अहमदाबाद इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए हुआ चयनित


अररिया, 16 जुलाई(हि.स.)। अहमदाबाद अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का 17वां संस्करण आगामी 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में कई श्रेणियों जैसे लघु फिल्में, फीचर फिल्में, वृत्तचित्र, और संगीत वीडियो की स्क्रीनिंग के बाद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।शॉर्ट फिल्म की कैटेगरी में फारबिसगंज के साजन कुमार ठाकुर की 20 मिनट की लघु फिल्म भगवान का दोस्त सैकड़ों राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शॉर्ट फिल्म की कैटेगरी में अहमदाबाद इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए चयनित किया गया है।फेस्टिवल में चयनित फिल्मों का प्रदर्शन देश विदेश के कई सिनेमा हाल में प्रदर्शित किए जाएंगे।शॉर्ट फिल्म के चयनित होने को लेकर साजन कुमार ठाकुर सहित उसके चाहने वाले काफी उत्साहित हैं।

फारबिसगंज पुराना बस स्टैंड होंडा शोरूम के पीछे वार्ड संख्या 8 के रहने वाले दयानंद ठाकुर और सुलेखा देवी के पुत्र साजन कुमार ठाकुर ने बताया कि उनकी बारहवीं तक की शिक्षा फारबिसगंज के सरस्वती विद्या मंदिर में हुई,जिसके बाद उन्होंने पटना विश्वविद्यालय के साइंस कॉलेज से स्नातक और मास्टर किया।पढ़ाई के साथ साथ लघु फिल्मों को बनाने का विशेष जुनून रहा।2025 में 20 मिनट की लघु फिल्म भगवान का दोस्त बनाया।

उन्होंने बताया कि फिल्म की पटकथा,निर्देशन के साथ मुख्य पात्र के रूप में स्वयं उन्होंने अभिनय किया।फिल्म निर्माण के बाद अपनी शॉर्ट फिल्म को देश विदेश के कई फिल्म महोत्सव के लिए भेजा,जिसमें से अहमदाबाद इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए शॉर्ट लिस्टिंग उपरान्त उनके फिल्म का चयन किया गया।सैकड़ों

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के बीच जगह बनाए जाने से उत्साहित साजन कुमार ठाकुर ने बताया कि बॉलीवुड और हॉलीवुड के प्रतिष्ठित अभिनेता और निर्देशक फिल्मों का मूल्यांकन कर प्रथम,द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के लिए चयन करेंगे।

साजन ने बताया कि उनकी फिल्म भगवान का दोस्त एक भावनात्मक और प्रेरणादायक लघु फिल्म है। फिल्म आशा, मासूमियत, उम्मीद और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित है। ग्रामीण परिवेश में बनी हुई यह कहानी दर्शकों को संदेश देती है कि हर चमत्कार आसमान से नहीं उतरता, बल्कि इंसान की करुणा,विश्वास और निस्वार्थ सहायता भी किसी चमत्कार से कम नहीं होती। यह फिल्म दर्शाती है कि एक अत्यंत गरीब व्यक्ति की अपने से अधिक असहाय लोगों की सहायता कर सकता है और उनके जीवन में आशा की नई किरण जगा सकता है।

साजन ने अपनी फिल्म सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ अपनी बहन साक्षी ठाकुर और अपने गुरु प्रो. सुमित रंजन और अधिवक्ता धनंजय कुमार को दिया।

उन्होंने बताया कि फिल्म के किरदारों में मुख्य किरदार के रूप में वह खुद है।जबकि अनुराग कुमार,दीपक सिंह, आकाश जोशी, ऋषभ कुमार, सौरव केसरी आदि सह कलाकार के रूप में है।डीओपी और एडिटिंग का कार्य चंदन प्रकाश पांडे,गाना प्रतीक सूरी,बांसुरी वादन मनीष ऋजु,मिक्सिंग वर्क रविरंजन ने किया। उन्होंने कहा कि फिल्म महोत्सव की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद यह फिल्म यूट्यूब चैनल पर दर्शकों को उपलब्ध कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story