अंतरराष्ट्रीय नशा विमुक्ति दिवस पर भीमनगर में जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय नशा विमुक्ति दिवस पर भीमनगर में जागरूकता अभियान


अंतरराष्ट्रीय नशा विमुक्ति दिवस पर भीमनगर में जागरूकता अभियान


सुपौल, 26 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय नशा विमुक्ति दिवस के अवसर पर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित भीमनगर में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) की 12वीं और 15वीं बटालियन द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया।

शुक्रवार सुबह प्रभातफेरी और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।नशा मुक्ति जागरूकता प्रभातफेरी की शुरुआत बीएसएपी बटालियन मुख्यालय से हुई। प्रभातफेरी भीमनगर पुरानी चौक, कस्टम कार्यालय, थाना मार्ग और नया बाजार होते हुए सहरसा चौक तक पहुंची। इस दौरान जवानों ने नशा विरोधी नारे लगाते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर रुचि दिखाई और नशामुक्त समाज के संकल्प का समर्थन किया।सहरसा चौक पर बीएसएपी की महिला जवानों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक में नशे की लत से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को जीवंत तरीके से दर्शाया गया।महिला जवानों ने संदेश दिया कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।

नुक्कड़ नाटक को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे और कलाकारों के संदेश की सराहना की।इस अवसर पर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के डीएसपी वासुदेव राय ने कहा कि इस प्रभातफेरी का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना और उन्हें इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है।उन्होंने कहा कि नशे की वजह से जनहानि, सामाजिक विघटन और पारिवारिक समस्याएं बढ़ती हैं।

साथ ही नशे की लत कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों को जन्म देती है। इसलिए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता और जागरूकता आवश्यक है।

कार्यक्रम में बीएसएपी की 12वीं और 15वीं बटालियन के अधिकारियों, प्रशिक्षु जवानों, महिला जवानों और अन्य कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story