सुपौल में इंटर की छात्रा की संदिग्ध मौत, घर में मृत मिली 17 वर्षीय अंबिका

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में इंटर की छात्रा की संदिग्ध मौत, घर में मृत मिली 17 वर्षीय अंबिका


सुपौल में इंटर की छात्रा की संदिग्ध मौत, घर में मृत मिली 17 वर्षीय अंबिका


सुपौल, 18 जून (हि.स.)। जिले के जदिया पंचायत अंतर्गत फुलकाहा वार्ड संख्या-17 में गुरुवार सुबह एक 17 वर्षीय इंटरमीडिएट छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

छात्रा घर के अंदर मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

मृतका की पहचान फुलकाहा वार्ड संख्या-17 निवासी बिरेंद्र नारायण यादव की पुत्री अंबिका कुमारी के रूप में हुई है। वह इंटरमीडिएट की छात्रा थी और अपने परिवार की सबसे छोटी संतान थी।

परिजनों के अनुसार घटना के समय अंबिका के पिता खेत में कृषि कार्य की तैयारी कर रहे थे, जबकि उसकी मां मूंग की तुड़ाई के लिए खेत गई थीं। घर में केवल अंबिका और उसकी बड़ी बहन मौजूद थीं।

बताया जाता है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों बहनों के बीच कहासुनी हुई थी। कुछ समय बाद अंबिका घर के अंदर मृत मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी। अंबिका तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी।

उसकी असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, लेकिन पुलिस ने किसी भी संभावित कारण पर टिप्पणी करने से परहेज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।जदिया थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष उदय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक जांच-पड़ताल की। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना की जानकारी मिलने पर जदिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय अग्रवाल, सरपंच प्रतिनिधि देवेंद्र यादव, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि यूनुस रहमानी, पंचायत समिति सदस्य मो. जमील तथा शिक्षक अनिल यादव पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। सभी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story