अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, हेलमेट से डेढ़ करोड़ की स्मैक बरामद

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध नवगछिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के हेलमेट के अंदर छिपाकर रखी गई 1.126 किलोग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद की है। जब्त किए गए इस नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है।

नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने प्रेस वार्ता कर इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के रास्ते नशीले पदार्थ की एक बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है।

सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम और गोपालपुर थाना पुलिस ने मकंदपुर चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पश्चिम बंगाल नंबर की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में जब पुलिस ने बाइक सवार दोनों युवकों के हेलमेट की बारीकी से जांच की, तो उसके अंदर विशेष रूप से छिपाकर रखे गए पीले रंग के पैकेट मिले। वजन करने पर कुल 1 किलो 126 ग्राम ब्राउन शुगर/स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, दो हेलमेट और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर निवासी रूहल मोमिन उर्फ राहुल मोमिन और अजीज मोमिन के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह खेप पश्चिम बंगाल से लाकर खगड़िया और आसपास के जिलों में खपाने की तैयारी थी। नवगछिया पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध गोपालपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस अब इन तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाल रही है ताकि इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य मुख्य सरगनाओं को भी गिरफ्तार किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776929 Articles

Share this story